
पत्रकार नसीम की मौत के मामले में पांच पर मुकदमा दर्ज
हापुड़, सीमन (ehapurnews.com): जनपद हापुड़ के देहात क्षेत्र में जरोठी रोड पर हुई पत्रकार की मौत के मामले में देहात पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है। पत्रकार नसीम सैफी की मौत के मामले में कार्रवाई करते हुए पुलिस ने परिजनों की तहरीर के आधार पर हापुड़ के इंद्रलोक कॉलोनी निवासी अशोक कुमार गुप्ता, अशोक कुमार गुप्ता के पुत्र, सर्वोदय कॉलोनी निवासी नरेश तथा कपिल व एक अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। पुलिस ने दो लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। मौके से जुड़े कुछ वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है। आपको बता दें कि नसीम की बड़ी बेटी अदीबा की शादी हो चुकी है जबकि उनकी छोटी पुत्री मतंशा का निकाह 14 नवंबर को होना है। खुशियों से पहले नसीम सैफी की मौत से परिवार में मातम पसर गया।
दामाद शाहरुख के अनुसार हापुड़ की बुलंदशहर रोड पर स्थित मोहल्ला आवास विकास निवासी नसीम सैफी एक हिंदी दैनिक समाचार पत्र में जिला प्रभारी थे। रविवार की दोपहर वह अपने सहयोगी सलाउद्दीन, मोनिका, रिहाना व ड्राइवर मुस्तकीम के साथ जरोठी रोड पर स्थित एक आटा मिल में विज्ञापन मांगने गए थे जहां उनकी मिल मालिक से कहासुनी हो गई। परिजनों ने मारपीट कर हत्या का आरोप लगाते हुए पुलिस से कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने मामले में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
DIVYANSH ARYA HEIGHTS: EXCLUSIVE 3 & 4 BHK RESIDENCES: 9762489492


























