
बाबूगढ़: सड़क पर शव रखकर हंगामा कर रहे परिजनों को पुलिस ने समझाया, 2 घंटे तक चला हंगामा
हापुड़, सीमन/ अमित कुमार (ehapurnews.com): जनपद हापुड़ के बाबूगढ़ क्षेत्र के गांव महमदपुर के पास गुरुवार की शाम करीब 4:00 बजे कार की टक्कर से बाइक सवार टेकचंद की मौत हो गई जबकि मृतक टेकचंद की समधिन और उसका पुत्र घायल हो गए। हादसे से गुस्साए लोगों ने सड़क पर शव रख कर जाम लगा दिया जिसके बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर कड़ी मशक्कत के बाद जाम खुलवाया। इस दौरान करीब दो घंटे तक हंगामा चलता रहा जिसके चलते मार्ग पर यातायात प्रभावित रहा।
सिंभावली क्षेत्र के गांव माधापुर के रहने वाले टेकचंद गुरुवार की शाम अपनी समधिन गाजियाबाद के गांव बम्हेटा की देवेंद्री व उसके पुत्र यश के साथ बाइक पर सवार होकर घर से कुचेसर चौपला जा रहे थे। थाना बाबूगढ़ के गांव मोहम्मदपुर के पास एक कार ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। वाहन चालक टेकचंद को करीब 50 मीटर तक सड़क पर घसीटते हुए ले गया। इस कारण टेकचंद की मौके पर ही मौत हो गई जबकि देवेंद्री और उसका पुत्र यश घायल हो गए। मामले की जानकारी मिलने पर मृतक के परिजन मौके पर पहुंचे और जाम लगा दिया जिसके बाद गुस्साए परिजनों ने जमकर नारेबाजी की। सूचना मिलने पर कई थानों की फोर्स मौके पर पहुंची और प्रदर्शनकारी को समझाया। दो घंटे तक हंगामा चलता रहा जिसके बाद पुलिस ने मामले में उचित कार्रवाई का आश्वासन देकर परिजनों को शांत कराया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
हापुड़: पायल डिजाइनर कलेक्शन से होलसेल दामों पर खरीदे लेडीज़ कलेक्शन: 7417105068

























