
श्रावण शिवरात्रि और कांवड़ यात्रा को लेकर बाबूगढ़ पुलिस अलर्ट
हापुड़, सीमन/ अमित कुमार (ehapurnews.com): हापुड़ में आगामी श्रावण शिवरात्रि और कांवड़ यात्रा को लेकर पुलिस-प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में है। यात्रा को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए बाबूगढ़ पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्थाओं को और मजबूत करना शुरू कर दिया है।
सीओ अनीता चौहान और थाना प्रभारी प्रवीण कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने बछलौता रोड, बाबूगढ़ छावनी क्षेत्र, प्रमुख बाजारों और चौराहों का निरीक्षण किया। इस दौरान क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों की कार्यप्रणाली की जांच की गई और संवेदनशील स्थानों की सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया गया।
पुलिस अधिकारियों ने व्यापारियों और स्थानीय नागरिकों से संवाद कर सुरक्षा व्यवस्था में सहयोग की अपील की। साथ ही खराब पड़े सीसीटीवी कैमरों को जल्द ठीक कराने और जरूरत वाले स्थानों पर नए कैमरे लगाने के निर्देश दिए गए।
थाना प्रभारी प्रवीण कुमार ने कहा कि कांवड़ यात्रा के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं का आवागमन होता है, इसलिए सुरक्षा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने लोगों से अफवाहों से दूर रहने, संदिग्ध गतिविधियों की सूचना तुरंत पुलिस को देने और आपसी भाईचारा बनाए रखने की अपील की।
फिलहाल बाबूगढ़ पुलिस क्षेत्र में चप्पे-चप्पे पर नजर रखते हुए सुरक्षा इंतजामों को और मजबूत करने में जुटी हुई है, ताकि शिवभक्तों को यात्रा के दौरान सुरक्षित और सुगम माहौल मिल सके।
अनंतम ग्रीन्स हापुड़ का पहला रिजॉर्ट लिविंग, बुक करें अपना प्लॉट: 9557283854























