
हापुड़, सीमन,संजय कश्यप (ehapurnews.com): हापुड़ जनपद में खाद्य पदार्थों में मिलावट की रोकथाम के लिए खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने कार्रवाई की। गुरुवार को आयुक्त, खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन उत्तर प्रदेश के आदेश और जिलाधिकारी हापुड़ के निर्देश पर ग्राम मुजफ्फरा बांगड़पुर (मुदाफरा), थाना बाबूगढ़ स्थित गजेंद्र सिंह डेयरी का निरीक्षण किया गया।
सहायक आयुक्त खाद्य द्वितीय के नेतृत्व में पहुंची टीम ने डेयरी परिसर में उपलब्ध क्रीम, रिफाइंड, दही और दूध के एक-एक नमूने संग्रहित किए। इन नमूनों को जांच के लिए भेजा जाएगा, ताकि खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता की जांच की जा सके।
वहीं, क्रीम में मिलावट की आशंका के चलते टीम ने मौके पर मौजूद करीब 18 किलोग्राम क्रीम और लगभग 25 लीटर वनस्पति तेल के मिश्रण को नष्ट करा दिया।
खाद्य सुरक्षा विभाग की इस कार्रवाई का उद्देश्य खाद्य पदार्थों में मिलावट पर रोक लगाना और लोगों को सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध कराना है। अब नमूनों की जांच रिपोर्ट आने के बाद खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता को लेकर स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।





















