
हापुड़, सीमन (ehapurnews.com):जनपद हापुड़ के थाना हापुड़ कोतवाली पुलिस ने कोर्ट के आदेश पर फर्जी वसीयत तैयार कर संपत्ति हड़पने का प्रयास करने के मामले में चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है जिसमें दो सगे भाई भी शामिल हैं। गाजियाबाद जनपद के शास्त्री नगर निवासी अनिल बंसल की तहरीर के आधार व कोर्ट के आदेश पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया है।
अनिल बंसल ने बताया कि हापुड़ की फ्री गंज रोड पर निदान अस्पताल के पास उनकी संपत्ति है जिसे फ़र्जी कागज़ात तैयार कर कब्ज़ाने का प्रयास किया गया। इन फ़र्ज़ी कागज़ात के सहारे आरोपियों ने पीड़ित व उसकी पत्नी को डराने व धमकाने का प्रयास किया। पीड़ित न्यायालय की शरण गया। न्यायालय के आदेश पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए चार पर मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए विनय बंसल, प्रियांक बंसल, प्रशांत बंसल, नवनीत आर्य के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि मामले की गहनता से जांच की जा रही है। जो दोषी होगा उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। बताया जा रहा है कि आरोपियों ने मृतकों के फर्जी हस्ताक्षर कर लिए और फर्जी वसीयत तैयार कर अनिल बंसल की संपत्ति को हड़पने का प्रयास किया।
The Raymond Shop से उठाएं 50% तक सेल का फायदा: 9149331926






























