हापुड़, सीमन (ehapurnews.com) : हापुड़ रेलवे स्टेशन समेत प्रदेश के अन्य मुख्य स्टेशनों और देश के धार्मिक स्थलों को बम से उड़ाए जाने की धमकी के बाद सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हो गई हैं। एटीएस ने पत्र की जांच शुरू कर दी है और इस संबंध में गाजियाबाद स्थित जीआरपी थाने में मुकदमा दर्ज किया गया है। पूरे मामले में वादी हापुड़ रेलवे स्टेशन अधीक्षक अजब सिंह बने हैं। मामले की विवेचना स्थानीय थाना प्रभारी नीरज त्यागी करेंगे।
एसटीएफ ने हापुड़ रेलवे स्टेशन पर इस संबंध में जांच भी की। स्टेशन पर पुलिस, जीआरपी, आरपीएफ की गश्त बढ़ा दी गई है। बता दें कि स्टेशन अधीक्षक अजब सिंह को डाक द्वारा शनिवार को एक पत्र प्राप्त हुआ। पत्र भेजने वाले ने अपना नाम मोहम्मद अमीम शेख और खुद को आतंकी संगठन लश्कर-ए-तैयबा का सरगना बताया।
हिंदी में लिखे गए पत्र में लश्कर को लक्शर और तैयबा को तोइफा लिखा है जिसके बाद प्रदेश भर में अलर्ट जारी कर दिया गया है। इस संबंध में एटीएस ने जांच शुरू कर दी है। आईजी एटीएस जी के गोस्वामी का कहना है कि पत्र की गंभीरता से जांच की जा रही है।
बता दें कि जो पत्र प्राप्त हुआ है उसमें 26 नवंबर को हापुड़, खुर्जा, अलीगढ़, कानपुर, टूंडला, गोरखपुर, बरेली, मुरादाबाद, लखनऊ समेत यूपी के कई रेलवे स्टेशनों को और छह दिसंबर को हरिद्वार, प्रयागराज, अयोध्या, अहमदाबाद, उज्जैन और मुंबई के धार्मिक स्थलों को भी बम से उड़ाने की धमकी दी गई है। मामले की जांच एटीएस ने शुरू कर दी है।
लोन लेने के लिए संपर्क करें: 9319277384, 8650390390





























