हापुड़, सीमन (ehapurnews.com): हापुड़ के डाइट परिसर में गुरुवार को कला उत्सव एवं अभिनव पर्व का आयोजन किया गया जिसमें हापुड़ तथा गाजियाबाद के परिषदीय विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं, छात्रों एवं डी एल एड प्रशिक्षुओं द्वारा बनाए गए क्राफ्ट, मूर्ति शिल्प आदि का प्रदर्शन किया गया। शिक्षकों द्वारा स्वनिर्मित चीजों की प्रदर्शनी लगाई गई जिसके इस्तेमाल से शिक्षण प्रक्रिया के संदेश को आकर्षित और प्रभावी बनाया जा सकता है। कार्यक्रम में जिला विकास अधिकारी देवेंद्र प्रताप सिंह विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल हुए। कार्यक्रम का संचालन जयवीर सिंह ने किया। इस अवसर पर डाइट प्राचार्य जितेंद्र मलिक भी उपस्थित रहे। कार्यक्रम में शिक्षा कला प्रतियोगिता का आयोजन भी किया गया जहां शिक्षकों ने अपनी-अपनी प्रतिभाओं को दिखाया। विजयी शिक्षक को पुरस्कृत भी किया गया।






















