हापुड, सीमन (ehapurnews.com): जनपद हापुड़ के पिलखुवा में स्थित अधीक्षण अभियंता कार्यालय पर धरना दे रहे किसानों की ऊर्जा निगम के अधिकारी से कहासुनी हो गई। मामले से जुड़ा वीडियो भी सोशल मीडिया पर काफी तेजी से वायरल हो रहा है। दरअसल बिजली विभाग के अधिकारी ने किसानों से कह दिया कि वह बिजली चोरों के साथ है और वह मामले की जांच कराएंगे जिसके बाद किसान आग बबूला हो गए और उन्होंने अनिश्चितकालीन धरने की चेतावनी दे दी और जमकर नारेबाजी भी की। भारतीय किसान यूनियन के युवा विंग के जिलाध्यक्ष ज्ञानेश्वर त्यागी ने कहा कि जब तक अधिकारी माफी नहीं मांगेंगे वह धरने पर डटे रहेंगे। चाहे उन्हें अपनी जान भी गंवानी पड़े किसान पीछे नहीं हटेंगे।
किसान नेता अपनी-अपनी मांगों को लेकर शुक्रवार को पिलखुवा के अधीक्षण अभियंता कार्यालय पर धरना दे रहे थे। इसी बीच उनकी ऊर्जा निगम के अधिकारी से कहासुनी हो गई। मौके पर मौजूद अन्य अधिकारियों ने किसी तरह मामला शांत कराने का प्रयास किया। उसके बाद किसानों ने अनिश्चितकालीन धरने का बिगुल बजा दिया।





























