
सपनावत हुए विकास कार्य में धांधली का आरोप: डीएम ने दिए जांच के आदेश
हापुड़, सीमन (ehapurnews.com): ग्राम पंचायत सपनावत में विकास और निर्माण कार्यों के नाम पर सरकारी बजट के दुरुपयोग का एक गंभीर मामला सामने आया है। ग्रामीणों की ओर से मिली शिकायत को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच के आदेश जारी कर दिए हैं।
ग्रामीण अमर सिंह गहलोत ने जिलाधिकारी से मुलाकात कर सपनावत पंचायत में हुए विकास कार्यों में गड़बड़ी की शिकायत दर्ज कराई थी और उच्च स्तरीय जांच की मांग की थी। इस पर त्वरित कार्रवाई करते हुए डीएम ने जिला कार्यक्रम अधिकारी हापुड़ को जांच अधिकारी नियुक्त किया है।
इसके साथ ही जिला पंचायत राज अधिकारी, खंड विकास अधिकारी धौलाना और संबंधित पंचायत अधिकारियों को जांच में पूरी तरह सहयोग करने का निर्देश दिया गया है।
जांच अधिकारी को पंचायत से जुड़े सभी कागजात, अभिलेख और शिकायत संबंधी दस्तावेज तुरंत उपलब्ध कराने के लिए कहा गया है। साथ ही तय समय सीमा के भीतर जांच पूरी कर अंतिम रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं। शिकायतकर्ता का सीधा आरोप है कि ग्राम पंचायत में कराए गए निर्माण और विकास कार्यों में भारी अनियमितता बरतते हुए बजट का गलत इस्तेमाल किया गया है।
कारपेंटर के कमीशन से पाए छुटकारा, होम बॉस हार्डवेयर से खरीदें दरवाजे की कुंडी: 9568911464




















