
पैन नंबर पर फर्जी फर्म बनाकर 7.5 करोड़ के लेनदेन का आरोप, FIR दर्ज
हापुड़, सीमन (ehapurnews.com): हापुड़ के श्रीनगर निवासी विशाल गौड़ ने आरोप लगाया है कि उनके पैन नंबर का कथित रूप से दुरुपयोग कर दिल्ली के शकरपुर क्षेत्र में जिल इंटरप्राइजेज के नाम से फर्जी फर्म बनाई गई। आरोप है कि इस फर्म के नाम पर उनके पैन नंबर का इस्तेमाल करते हुए करीब 7.5 करोड़ रुपये के संदिग्ध लेनदेन किए गए।
विशाल गौड़ के अनुसार, उन्हें मामले की जानकारी होने के बाद उन्होंने वर्ष 2020 से जीएसटी विभाग समेत कई संबंधित अधिकारियों को शिकायतें दीं, लेकिन उनके मुताबिक लंबे समय तक मामले में अपेक्षित कार्रवाई नहीं हुई।
उन्होंने बताया कि आयकर विभाग ने 26 जून 2025 को आयकर अधिनियम की धारा 148 के तहत नोटिस जारी किया, जिसमें उनके पैन नंबर से जुड़े करीब 7.5 करोड़ रुपये के लेनदेन का उल्लेख था। नोटिस में करीब 73 लाख रुपये की रिकवरी भी बताई गई।
मामले में हापुड़ पुलिस से भी जांच कराई गई। शिकायतकर्ता के मुताबिक, जांच को लेकर पुलिस और संबंधित विभागों के बीच लगातार पत्राचार चलता रहा। अब इस मामले में FIR दर्ज कराई गई है। शिकायतकर्ता ने पुलिस से पूरे मामले की गहन जांच कर फर्जी फर्म बनाकर उनके पैन नंबर का कथित दुरुपयोग करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
“द रेमंड शॉप” दे रहे हैं रेडीमेड कलेक्शन पर 50% तक की विशेष छूट: 9149331926




















