हापुड़, सीमन (ehapurnews.com) : हापुड़ के खुर्जा पेच के निकट बुधवार की सुबह ईटों से भरी एक ट्रैक्टर ट्राली डिवाइडर से जा टकराई जिस कारण डिवाइडर बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और एक मजदूर सुभाष चोटिल हो गया। नगर पालिका हापुड़ के कर्मचारी ईटों से भरी ट्रैक्टर ट्राली को पकड़ कर नगर पालिका ले गए।
ट्रैक्टर ट्राली चालक सतीश ने बताया कि वह बुधवार की सुबह ईटों से भरी ट्राली ले कर शिवगढ़ी जा रहा था कि खुर्जा पेच के निकट एक आटो को बचाने के चक्कर में वह संतुलत खो बैठा और ट्रैक्टर ट्राली डिवाइडर से जा टकराई जिस वजह से डिवाइडर की जाली आदि टूट गई।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि हादसे के दौरान कुछ देर के लिए यातायात में व्यवधान पैदा हो गया। सूचना पर नगर पालिका परिषद हापुड़ के कर्मचारी हादसा स्थल पर पहुंचे और ईटों से भरी ट्रैक्टर ट्राली को नगर पालिका हापुड़ परिसर में ले गए।
























