हापुड़, सीमन (ehapurnews.com) : जनपद हापुड़ के गांव सलाई में शनिवार की रात करीब 11:30 बजे उस समय अफरा-तफरी मच गई जब सड़क किनारे रखे ट्रांसफार्मर में अचानक आग लग गई. आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और ग्रामीणों ने किसी तरह अपनी जान बचाई. इस दौरान 11 हजार वोल्ट की लाइन भी गांव के विभिन्न हिस्सों में टूटकर सड़क पर गिर गई. जिसने भी यह नजारा देखा वह दहशत में आ गया.
आम दिनों की तरह गांव में कुछ लोग कुर्सी डालकर रात करीब 11:30 बजे सड़क पर बैठे हुए थे. इसी बीच हापुड़ देहात क्षेत्र के गांव सलाई में रखे ट्रांसफार्मर ने अचानक आग पकड़ ली. देखते ही देखते आग ने भयानक रूप ले लिया. इसी बीच 11,000 वोल्ट का तार भी टूट गया. कुर्सियों पर बैठे ग्रामीणों ने किसी तरह अपनी जान बचाई. धमाके की आवाज सुनकर सभी ग्रामीण अपने-अपने घर से बाहर निकल आए. इसी बीच क्षेत्र की विद्युत आपूर्ति भी घंटों तक प्रभावित रही. ग्रामीणों ने बताया कि हाईटेंशन लाइन के करीब लोग बैठे हुए थे जिन्होंने किसी तरह अपनी जान बचाई. यदि समय रहते लोग नहीं भागते तो बड़ा हादसा हो सकता था.

























