
बाबूगढ़ छावनी के वार्ड नंबर 4 में निकला 10 फीट लंबा अजगर, एक घंटे की मशक्कत के बाद रेस्क्यू
हापुड़, सीमन/अमित कुमार (ehapurnews.com):जनपद हापुड़ के थाना बाबूगढ़ क्षेत्र की नगर पंचायत बाबूगढ़ छावनी के वार्ड नंबर 4 में रविवार शाम करीब 7 बजे उस समय हड़कंप मच गया, जब मोहल्ले में एक विशाल अजगर दिखाई दिया। अजगर को देखकर क्षेत्रवासियों में दहशत फैल गई और मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई।
मोहल्ले के लोगों ने तत्काल वन विभाग को सूचना दी। सूचना मिलते ही वन विभाग के कर्मचारी रवि कुमार अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और रेस्क्यू अभियान शुरू किया। अजगर काफी बड़ा और शक्तिशाली होने के कारण उसे पकड़ने में वन विभाग की टीम को कड़ी मशक्कत करनी पड़ी।
करीब एक घंटे तक चले रेस्क्यू अभियान के दौरान पूरे मोहल्ले में अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। वन विभाग कर्मचारी रवि कुमार ने धैर्य और सावधानी के साथ कार्रवाई करते हुए लगभग 10 फीट लंबे और करीब 20 किलोग्राम वजनी अजगर को सुरक्षित पकड़ लिया। इसके बाद अजगर को एक कट्टे में बंद कर सुरक्षित स्थान पर ले जाया गया।
अजगर के रेस्क्यू के बाद क्षेत्रवासियों ने राहत की सांस ली और वन विभाग की टीम तथा कर्मचारी रवि कुमार का धन्यवाद किया। स्थानीय लोगों ने बताया कि यदि समय रहते अजगर को नहीं पकड़ा जाता तो किसी बड़ी घटना की आशंका बनी हुई थी।
रेस्क्यू अभियान का वीडियो भी मौके पर मौजूद लोगों ने अपने मोबाइल फोन में कैद किया, जो क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है।




















