हापुड़, सीमन (ehapurnews.com): जनपद हापुड़ के गढ़मुक्तेश्वर कोतवाली क्षेत्र के गांव अब्दुल्लापुर में गन्ने से भरा एक ओवरलोड ट्रक सड़क किनारे बंधे सात पशुओं पर पलट गया जिनमें दबकर चार पशुओं की मौत हो गई। घटना का ग्रामीणों ने विरोध किया जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और हंगामा कर रहे लोगों को शांत कराया। स्थानीय लोगों का कहना है कि अक्सर ओवरलोड वाहन सड़कों से गुजरते हैं जो मौत की तरह लोगों पर मंडरा रहे हैं। विभाग ऐसे में इन ओवरलोडेड वाहनों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करें।
यह घटना होली वाले दिन की है जब गढ़मुक्तेश्वर के गांव अब्दुल्लापुर के ग्रामीण सुरेंद्र और ओमप्रकाश ने बताया कि गन्ने से भरा एक ओवरलोड ट्रक शाम 5:00 बजे नया गांव की तरफ स्थित गन्ना क्रय केंद्र से सिंभावली शुगर मिल की ओर जा रहा था। ट्रक इस कदर ओवरलोड था कि गांव पहुंचने पर वह सड़क किनारे बंधे पशुओं पर पलट गया जिनमें दबकर चार पशुओं की मौत हो गई। जानकारी मिलने पर ग्रामीणों की भीड़ एकत्र हो गई जिन्होंने गन्नों को जेसीबी मशीन की मदद से हटाया और पशुओं को बाहर निकाला। इस दौरान ग्रामीण भी पशुओं को बचाने के लिए जुट गए। बताया जा रहा है कि इस दौरान चार पशुओं की मौत हो गई। गुस्साए ग्रामीणों ने दो घंटे तक जमकर हंगामा किया। हंगामे के बाद ग्रामीणों का गुस्सा शांत हुआ जिन्होंने पुलिस से मामले में कार्रवाई की मांग की है। वहीं पशुपालकों का रो-रो कर बुरा हाल है। गढ़मुक्तेश्वर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक सोमवीर सिंह का कहना है कि तहरीर के आधार पर लापरवाह चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।





























