हापुड़, सीमन (ehapurnews.com): जनपद हापुड़ के बाबूगढ़ क्षेत्र में स्थित छपकौली महादेव मंदिर में समिति के गठन का मुद्दा काफी समय से उठता आ रहा है। ऐसे में मंगलवार को सदर एसडीएम सुनीता सिंह ने क्षेत्राधिकारी अशोक सिसोदिया के साथ मिलकर मंदिर के रखरखाव के लिए पांच लोगों की अस्थाई कमेटी गठित की जो मंदिर में आय-व्यय के लिए रजिस्टर बनाएगी। यह पांच लोगों की अस्थाई कमेटी मंदिर के रखरखाव की जिम्मेदारी उठाएगी और ग्रामीणों के सहयोग से स्थाई कमेटी का गठन किया जाएगा।
इस दौरान छपकौली निवासीगण श्योराज सिंह पुत्र पीतम सिंह, गंगा सिंह पुत्र जगशरण, शिव लाल पुत्र रामपी लाल, अजय पाल, चमन पुरी पुत्र काले पुरी को अस्थाई कमेटी में शामिल किया गया है।
मंगलवार को ग्रामीण बाबूगढ़ थाना पहुंचे और अधिकारियों से आगामी महाशिवरात्रि पर्व की ओर अधिकारियों का ध्यान खींचा जिसके बाद अस्थाई कमेटी का गठन किया गया है जो मंदिर में व्यवस्था बनाए रखेगी। जल्द ही ग्रामीणों से वार्तालाप के पश्चात स्थाई कमेटी का गठन भी किया जाएगा।




























