इनर व्हील क्लब ने 50 क्षय रोगी गोद लिए
हापुड़, सीमन (ehapurnews.com) : पीपीसी (पेशेंट प्रायरटीज केयर) कोठीगेट पर शुक्रवार को आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान इनर व्हील क्लब ने 50 क्षय रोगियों को गोद लिया। डीटीओ डा. राजेश सिंह ने क्षय रोगियों को अपने-अपने परिजनों की टीबी जांच कराने के लिए प्रेरित किया। क्लब की ओर से क्षय रोगियों को पुष्टाहार प्रदान किया गया। इसके साथ ही क्लब की अध्यक्ष रेणु अग्रवाल ने सभी रोगियों का हाल चाल जाना और नियमित रूप से दवा लेते रहने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने क्षय रोगियों को बताया – उपचार जारी रहने तक हर माह उन्हें इसी तरह से पुष्टाहार प्राप्त होता रहेगा। किसी तरह की परेशानी होने पर निसंकोच बताएं, उनकी किसी भी समस्या का समाधान करवाने के लिए इनर व्हील क्लब, हापुड़ प्रतिबद्ध है। इस मौके पर डा. अंजना सक्सेना और आईएमए हापुड़ की सचिव डा. विमलेश शर्मा ने क्षय रोगियों को बताया – पुष्टाहार लेने से जल्दी रिकवरी होगी। पुष्टाहार से उनकी रोग प्रतिरोधक क्षमता बेहतर बनेगी, जिससे दूसरी बीमारियों के संक्रमण का खतरा भी कम रहेगा, इसलिए नियमित रूप से उच्च प्रोटीन युक्त भोजन करें। कार्यक्रम के दौरान क्षय रोग विभाग से एसटीएस हसमत अली और इनर व्हील क्लब से रीता वर्मा व पारूल मित्तल मौजूद रहीं।
शुद्ध पंचायत सरसों तेल खरीदने के लिए कॉल करें: 9891851429, 9958798748


























