हापुड़, सीमन (ehapurnews.com) : हापुड़ में वाहन चोरों के हौसले दिन पर दिन बुलंद होते जा रहे हैं। ताजा मामला शिवपुरी से सामने आया है जहां चोरों ने एक गाड़ी पर हाथ साफ कर उसे चुरा लिया। चोर लग्जरी कार में आए थे जिन्होंने मौका देखकर गाड़ी को चुरा लिया। यह घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। मामले में कार्रवाई करते हुए पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर अज्ञात चोरों की तलाश शुरू कर दी है।
मामला जनपद हापुड़ के थाना हापुड़ कोतवाली क्षेत्र का है जहां 50 वर्षीय मनोज कुमार गुप्ता पुत्र कुलदीप गुप्ता निवासी देवलोक कॉलोनी की गाड़ी हापुड़ के मोहल्ला शिवपुरी में खड़ी हुई थी। बुधवार की सुबह करीब सवा 5:00 बजे अज्ञात चोर लग्जरी कार में सवार होकर आए और सफेद रंग की एक कार को निशाना बनाकर उसे चुरा कर ले गए। चोरी की घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। जागने पर जब वाहन स्वामी मौके पर पहुंचा तो उसे चोरी का पता चला जिसके बाद उसके होश उड़ गए। मनोज गुप्ता की तहरीर के आधार पर पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर मामले में जांच शुरू कर दी है।


























