हापुड़, सीमन (ehapurnews.com) : अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी विनोद राणा इन दिनों जनपद का नाम पूरे देश में रोशन करने के लिए कड़ी मशक्कत कर रहे हैं। विनोद राणा का लक्ष्य है कि वह दुनिया में सबसे ज्यादा स्पीड में पंचिंग का रिकॉर्ड बना सके और इसके लिए वह लगातार प्रयासरत हैं। जनपद हापुड़ के धौलाना क्षेत्र के गांव सपनावत निवासी विनोद राणा दो बार वर्ल्ड चैंपियन तथा इंटरनेशनल गोल्ड मेडलिस्ट का खिताब अपने नाम कर चुके हैं जिन्होंने इसी साल ओलंपिया में 1 मिनट में 430 पंच का वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाया। विनोद राणा इस गति को लगातार बढ़ाने की कोशिश कर रहे हैं।
एकलव्य के नाम से मशहूर अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी विनोद राणा के पिता किसान मज़दूर थे जिनका जुनूनी बेटा विनोद गांव में कुश्ती करते-करते देश के लिए गोल्ड मेडल जीत लाया। विनोद राणा ने गरीबी को मात देकर खुद को विश्व पटल पर स्थापित किया जिनकी जगह-जगह तारीफ भी हो रही है। बता दें कि विनोद राणा का जन्म बेहद ही गरीब परिवार में हुआ। इनके पिता महावीर सिंह राणा मजदूरी कर घर चलाते थे। कई बार तो दो वक्त की रोटी जुटाना भी उनके परिवार के लिए मुश्किल था लेकिन सब चुनौतियों से परे। उन्होंने अपने लक्ष्य को हासिल करने के लिए कड़ा परिश्रम किया और अपनी मेहनत से वर्ल्ड चैंपियन तक का सफर तय किया। विनोद राणा ने कुश्ती, मैराथन, ताई कमांडो, जुजुत्सु में एक के बाद एक झंडे गाड़े जो अपने अगले लक्ष्य की ओर बढ़ चुके हैं।


























