हापुड़, सीमन (ehapurnews.com) : हापुड़ के पास स्थित धीरखेड़ा औद्योगिक क्षेत्र में संचालित एक फैक्ट्री में काम कर रहे तीन मजदूरों पर सीमेंट का एक खंभा गिर गया जिसमें दबकर एक की दर्दनाक मौत हो गई। वहीं मृतक के दो सगे भाई इस दौरान मामूली रूप से घायल हो गये। आनन-फानन में तीनों को अस्पताल में भर्ती कराया गया जहां चिकित्सकों ने समीर को मृत घोषित कर दिया जिससे परिवार में कोहराम मचा है।
आपको बता दें कि हापुड़ के गांव दादरी निवासी जमील के तीन बेटे 20 वर्षीय समीर, शोएब और नवाब धीरखेड़ा औद्योगिक क्षेत्र स्थित एक फैक्ट्री में मजदूरी कर रहे थे जहां शुक्रवार की सुबह वह कार्य कर रहे थे। इसी बीच सीमेंट का एक खंभा मजदूरों पर आकर गिरा जिसमें दबकर समीर की मौत हो गई। घायल अवस्था में समीर को हापुड़ की देव नंदिनी अस्पताल में लाया गया जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। वहीं हादसे के दौरान नवाब के पैर और शोएब के हाथ में चोटें आई। सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने मृतक के शव का पंचनामा भरकर उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और जांच शुरू कर दी।
























