हापुड़, सीमन (ehapurnews.com): जनपद हापुड़ के धौलाना में स्वास्थ्य विभाग ने एक अल्ट्रासाउंड सेंटर में लिंग परीक्षण का खुलासा करते हुए चार लोगों को पुलिस के हवाले कर दिया और अल्ट्रासाउंड मशीन को जब्त कर लिया। स्वास्थ्य विभाग मामले की जांच में जुट गया है।
हापुड़ के पीसीपीएनडीटी अधिकारी डॉक्टर दिनेश खत्री ने बताया कि हरियाणा और हापुड़ की संयुक्त टीमों ने मिलकर इस गोरखधंधे का पर्दाफाश करते हुए टेक्नीशियन, ऑपरेटर, ड्राइवर समेत चार लोगों को पकड़ा है जो भ्रूण में पल रहे बच्चे का लिंग परीक्षण करते थे। स्वास्थ्य विभाग की टीम को देखकर अल्ट्रासाउंड सेंटर पर जबरदस्त हंगामा भी हुआ।
आपको बता दें कि यह मामला स्वास्थ्य विभाग में पंजीकृत संस्कार अल्ट्रासाउंड सेंटर का है। अल्ट्रासाउंड सेंटर धौलाना की गुलावठी रोड पर है। दलालों के जरिए गर्भवती महिलाओं को लाकर यहां उनका लिंग परीक्षण किया जाता था। स्वास्थ्य विभाग ने इसके लिए मंगलवार को एक गर्भवती महिला को तैयार किया जिसे दलाल ने पिलखुवा बुलाया। महिला के साथ वह काफी देर तक गाड़ी से यहां-वहाँ धूमता रहा और उसके बाद गुलावठी रोड पर स्थित संस्कार अल्ट्रासाउंड सेंटर में ले गया। जांच कराने के बाद वह वापस गाड़ी में महिला को ले आया जहां उसने गर्भ में पल रहे बच्चे के लिंग के बारे में बताया। महिला ने इसी बीच टीम को इशारा कर दिया और स्वास्थ्य विभाग ने सेंटर पर लिंग परीक्षण का पर्दाफाश कर दिया।



























