हापुड़, सीमन (ehapurnews.com) : जनपद हापुड़ के बाबूगढ़ क्षेत्र के बछलौता मार्ग का जल्द ही निर्माण शुरू होगा। गुरुवार को हापुड़-मेरठ सांसद राजेंद्र अग्रवाल ने मार्ग का शिलान्यास किया। करीब दस करोड़ 45 लाख की लागत से 9 किलोमीटर लंबे बछलौता मार्ग का निर्माण होगा जिससे 20 गांव की करीब 50 हजार आबादी को राहत मिलेगी। बता दें कि पिछले पांच वर्षों से बछलौता मार्ग क्षतिग्रस्त होने से ग्रामीणों को आने-जाने में काफी परेशानी हो रही थी। बारिश के दिनों में तो यहां तालाब बन जाता था। लोगों की सुविधा के लिए बछलौता मार्ग का शिलान्यास हो गया। इस अवसर पर सांसद राजेंद्र अग्रवाल ने कहा कि बछलौता मार्ग का चौड़ीकरण किया जाएगा। एक साल के भीतर सड़क का निर्माण कार्य पूर्ण होगा। भारी वाहनों के चलते सड़क को मजबूती के साथ बनाया जाएगा।
बताते चलें कि बछलौता मार्ग का निर्माण ग्रामीण अभियंत्रण विभाग द्वारा कराया जाएगा। एफडीआर तकनीक से सड़क बनाई जाएगी। इस तकनीक में तारकोल का इस्तेमाल नहीं होता। साथ ही पुरानी सड़क की गिट्टी समेत अन्य चीजों का इस्तेमाल दोबारा सड़क बनाने में किया जाता है। शिलान्यास के अवसर पर हापुड़ के विधायक विजयपाल आढ़ती भी उपस्थित रहे। बता दें कि बछलौता मार्ग के निर्माण से बछलौता, होशियारपुर गढ़ी, भडंगपुर, नूरपुर, भमैड़ा, छपकौली आदि गांव के ग्रामीणों को राहत मिलेगी।




























