हापुड़, सीमन (ehapurnews.com) : हापुड़ के पास के गांव मुरादपुर निजामसर में मंगलवार की देर रात बिजली का एक टावर अचानक गिर गया। मौके पर ग्रामीण खेतों में पानी डाल रहे थे जो कि बाल-बाल बच गए। देर रात हुए इस हादसे से किसानों में गुस्सा है जिनका कहना है कि वह भविष्य में बिजली का टावर अपने खेतों में लगने नहीं देंगे।
मिली जानकारी के अनुसार जनपद हापुड़ के देहात क्षेत्र के गांव मुरादपुर निजामसर के किसान शुभम शर्मा पुत्र अंगद शर्मा ने बताया कि उनके खेतों में बिजली विभाग ने चार महीने पहले बिजली का यह टावर लगाया जिससे हाईटेंशन लाइन गुजर रही है। मंगलवार की रात को शुभम खेतों पर पानी डाल रहे थे। इसी बीच बिजली का टावर अचानक गिर गया। शुभम और अन्य किसानों ने किसी तरह अपनी जान बचाई। राहत की बात यह रही कि इस दौरान किसी को चोटें नहीं आई वरना एक बड़ा हादसा हो सकता था। किसान शुभम शर्मा ने नाराजगी जाहिर करते हुए कहा कि वह भविष्य में अब अपने खेतों में बिजली का टावर नहीं लगने देंगे।
संभावना जताई जा रही है कि मंगलवार की देर रात आए भूकंप की वजह से बिजली का टावर गिर गया।






















