हापुड़, सीमन (ehapurnews.com) : हापुड़ में काली नदी के पास स्थित नए बाईपास की सर्विस रोड पर गुरुवार की सुबह पौने छह बजे उस समय चीख-पुकार मच गई जब गुजरात से हरिद्वार जा रही श्रद्धालुओं से भरी एक बस सड़क हादसे का शिकार हो गई। इस दौरान एक महिला ने दम तोड़ दिया जबकि 6 लोग घायल हो गए जिन्हें राहगीरों की सहायता से एंबुलेंस और पुलिस ने अस्पताल में भर्ती कराया।
मिली जानकारी के अनुसार गुरुवार की सुबह करीब 5:45 बजे एक बस जैसे ही थाना देहात क्षेत्र के अंतर्गत काली नदी के पास पहुंची तो चालक रास्ता भटक गया जिसके बाद वह बस को रिवर्स करने लगा। इसी बीच पीछे से आए एक वाहन ने बस में जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भयंकर था कि सड़क हादसे में एक महिला बघेला बा बा बा वजूभा पत्नी बछोला वजूभा निवासी हरिओम नगर गुजरात ने दम तोड़ दिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। सड़क हादसे के दौरान चीख-पुकार मच गई। मामले की जानकारी मिलने पर 108 एंबुलेंस और पुलिस मौके पर पहुंची जिसने आधा दर्जन लोगों को अस्पताल पहुंचाया।
घायलों में जयदेव पुत्र छोटू भाई, लक्ष्मीबेन पत्नी छोटू भाई, चीका पुत्र नंटूला, विवेक पुत्र हंसमुख निवासी गण गुजरात को पुलिस ने राहगीरों की सहायता से भर्ती कराया जबकि 108 एंबुलेंस की सहायता से राघव और सुनीता को हापुड़ के सीएससी में भर्ती कराया गया है।
बताते चलें कि बस में कुल 60 सवारियां सवार थी। बस को कमलेश पुत्र गोविंद चला रहा था। जैसे ही बस नए बाईपास के पास ततारपुर सर्विस रोड पर पहुंची तो चालक रास्ता भटक गया और वह बस को रिवर्स करने लगा। इसी बीच पीछे से आए अज्ञात वाहन ने बस में टक्कर मार दी जिससे यह सड़क हादसा हुआ।





























