हापुड़, सीमन (ehapurnews.com) : जनपद हापुड़ के थाना बाबूगढ़ क्षेत्र में बुधवार की रात को एक ऑटो अनियंत्रित होकर हाईवे पर पलट गया। इस दौरान ऑटो में मौजूद चालक और एक सवारी घायल हो गई जिन्हें आनन-फानन में अस्पताल में भर्ती कराया गया। सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने ऑटो को सीधा कराया और मामले की जांच में जुट गई।
आपको बता दें मामला बाबूगढ़ थाने से चंद कदमों की दूरी का है जहां एक ऑटो अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराकर पलट गया। ऑटो को चालक सुल्तान पुत्र कमरुद्दीन चला रहा था। ऑटो बाबूगढ़ के कुचेसर चोपला से हापुड़ की ओर आ रहा था। जैसे ही ऑटो बाबूगढ़ थाने के पास पहुंचा तो चालक ने नियंत्रण खो दिया और ऑटो डिवाइडर से टकराकर पलट गया। ऑटो में हापुड़ निवासी सोनू बैठा हुआ था जो हादसे के दौरान घायल हो गया। हादसे की आवाज सुनकर आसपास मौजूद लोग इकट्ठा हो गए और घायलों को बाहर निकाला जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया। सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और ऑटो को सीधा कराकर मामले की जांच शुरू कर दी।
































