हापुड़, सीमन (ehapurnews.com) : हापुड़ की बुलंदशहर रोड पर स्थित रामपुर रोड का हाल बदहाल अवस्था में है जिससे लोगों को कई चुनौतियों का सामना करना पड़ रहा है। सड़क से गुजरने वाले अधिकांश वाहनों को जेसीबी मशीन या धक्के का सहारा लेना पड़ता है। लापरवाह अधिकारियों की वजह से यहां उड़ती धूल लोगों के स्वास्थ्य पर काफी खराब असर डाल रही है। आए दिन वाहन सड़कों पर फंस जाते हैं।
मामला शनिवार की सुबह का है जब रामपुर रोड से गुजर रहे कुछ वाहन सड़क पर फंस गए जिनमें एक वाहन का पहिया तो सड़क में धंस गया। मौके पर मौजूद जेसीबी मशीन की मदद से फंसे हुए वाहन को धक्का लगा कर बाहर निकाला गया जिसके बाद सभी ने राहत की सांस ली। इस दौरान यातायात भी प्रभावित हो गया। स्थानीय लोगों का कहना है कि सीवर लाइन बिछाने के बाद से ही सड़क बदहाल अवस्था में है जिसकी वजह से लोगों को बेहद परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। बारिश के दिनों में तो यहां से निकलना और भी ज्यादा चुनौतीपूर्ण हो जाता है।


























