हापुड़, सीमन (ehapurnews.com) : जनपद हापुड़ की सिंभावली शुगर मिल द्वारा किसानों का भुगतान न होने पर शुक्रवार को भारतीय किसान यूनियन के नेतृत्व में पंचायत की गई। किसानों ने कहा कि यदि चीनी मिल ने भुगतान नहीं किया तो आंदोलन किया जाएगा। गन्ने का बकाया ना मिलने से किसान लगातार परेशान हो रहे हैं जिन्हें आर्थिक संकट से जूझना पड़ रहा है। सरकार के आदेशों, विभाग के नोटिसों का भी शुगर मिल पर कोई प्रभाव नजर नहीं आ रहा जिससे किसान परेशान हैं।
भारतीय किसान यूनियन के जिलाध्यक्ष दिनेश खेड़ा के नेतृत्व में हुई इस पंचायत में कई अहम फैसले लिए गए। किसान नेताओं ने एक स्वर में कहा कि सिंभावली शुगर मिल किसानों के बकाए का भुगतान करें। यदि किसानों को परेशान किया गया और गन्ने का भुगतान नहीं हुआ तो किसान आंदोलन करेगा। बता दें कि हाल ही में विभाग ने सिंभावली शुगर मिल को नोटिस जारी कर किसानों के भुगतान के निर्देश दिए थे लेकिन अभी भी किसानों का मिल पर करोड़ों रुपए बकाया है जिसके चलते किसानों ने पंचायत की।




























