हापुड़, सीमन (ehapurnews.com) : जनपद हापुड़ के गढ़मुक्तेश्वर थाना क्षेत्र में पुलिस में उस समय अफरातफरी का माहौल बन गया जब उन्हें सूचना मिली कि गांव नयाबांस के जंगल में कुछ शरारती तत्वों ने एक बोर्ड पर 70 हजार रुपए, छह राइफल, तीन चाकू सहित जूतों को वापस करने की मांग करते हुए चेतावनी भरा संदेश लिखा है. बोर्ड को देखकर गांव में दहशत का माहौल बना हुआ है. सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची जिसने ड्रोन की मदद से जंगलों में कांबिंग की लेकिन कोई सफलता हाथ नहीं लगी. हालांकि पुलिस ने एक संदिग्ध को हिरासत में ले लिया है. गांव में बोर्ड लगा कर दी चेतावनी में लिखा है कि सामान नहीं लौटाया तो स्कूली बच्चों का अपहरण किया जाएगा.
गुरुवार की सुबह नयाबांस के बाहरी क्षेत्र में कुछ शरारती तत्वों ने एक बोर्ड लगा दिया जिस पर लिखा हुआ था कि 70,000 रुपए, छह राइफल, तीन चाकू, जूतों को वापस लौटा दिया जाए। बार्ड देखकर ग्रामीणों ने पुलिस को मामले की जानकारी दी। पुलिस गांव में पहुंची और ग्रामीणों से की पूछताछ में पता चला कि कुछ लोगों का जंगलों में आना जाना है जो कई बार ग्रामीणों के साथ बदसलूकी भी करते हैं. ग्रामीणों से बात करने के बाद पुलिस ने ड्रोन कैमरे की मदद से जंगल में कांबिंग की लेकिन कोई सफलता हाथ नहीं लगी. मिली जानकारी के अनुसार पुलिस ने एक संदिग्ध को हिरासत में ले लिया जिससे पूछताछ की जा रही है.




























