हापुड़, सीमन (ehapurnews.com) : हापुड़ की मीनाक्षी रोड पर उस समय हंगामा खड़ा हो गया जब गुरुवार की रात कैमिकल पाउडर उतार कर वापस लौट रहे ट्रक से कैबिल आदि के तार टूट गए। इस दौरान लोगों ने जमकर हंगामा किया। सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरु की। इस दौरान महिलाएं भी इकट्ठा हो गई और आरोप लगाया कि कैमिकल से भरे ट्रकों का यहां आना-जाना लगा रहता है जिसकी वजह से वह बेहद परेशान हैं। ट्रकों में से कैमिकल की गंदी बदबू आती है। स्थानीय लोगों ने संबंधित विभाग का ध्यान इस ओर आकर्षित किया है।
एटा निवासी चालक तोता राम ने बताया कि वह आबादी के क्षेत्र में ट्रक लाने से इंकार कर रहा था लेकिन मालिक नहीं माना जिसके बाद उसे मजबूरन ट्रक लाना पड़ा। इस बीच तार टूट गए और लोगों ने विरोध शुरु कर दिया।
बता दें कि मीनाक्षी रोड पर स्थित नवज्योति कॉलोनी में कैमिकल के ट्रकों के आने-जाने से लोगों को कई परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उनकी मांग है कि आबादी के क्षेत्र में कैमिकल के ट्रक के आने-जाने पर प्रतिबंध लगाया जाए।




























