हापुड़, सीमन (ehapurnews.com) : लंपी रोग के बढ़ते प्रकोप को देखते हुए सरकार ने सख्त रुख अपनाया हुआ है और इस पर काबू पाने के लिए हर संभव कदम उठाए जा रहे हैं। उत्तर प्रदेश के अपर मुख्य सचिव पशुधन रजनीश दुबे गुरुवार को हापुड़ पहुंचे। हापुड़ कलेक्ट्रेट सभागार में अधिकारियों के साथ में समीक्षा बैठक की जिसके बाद आयोजित प्रेस वार्ता में उन्होंने बताया कि लंपी रोग को लेकर अधिकारी बेहद गंभीर हैं। जनपद हापुड़ के 54 गांव लंपी रोग की चपेट में आ चुके हैं जिससे 250 पशु संक्रमित हैं। जिले को 25 हजार डोज़ दी जा चुकी है और जल्द ही 25 हजार डोज़ उपलब्ध कराई जाएंगी जिससे पशुओं का वैक्सीनेशन हो सके। पशुओं को निशुल्क सप्लीमेंट दिए जाएंगे। रजनीश दुबे ने बताया कि हापुड़ को जल्द ही दो मोबाइल वाहन मिलेंगे जिसके माध्यम से चिकित्सक अपनी सेवाएं दे सकेंगे।
रजनीश दुबे ने बताया कि विभिन्न क्षेत्रों में जाकर लोगों को जागरूक किया जा रहा है। लंपी रोग पर काबू पाने के लिए विभाग के अधिकारी पूरी तरह जुटे हुए हैं। यदि कोई पशु लंपी रोग से संक्रमित होता है तो ऐसे में सैनिटाइजेशन बेहद महत्वपूर्ण है और संक्रमित पशु के अलग रहने की व्यवस्था की जाए। इससे अन्य पशुओं में यह रोग नहीं फैलेगा। अपर मुख्य सचिव प्रदेश के विभिन्न क्षेत्र का निरीक्षण कर रहे हैं जो गौतमबुद्ध नगर से हापुड़ पहुंचे। अपर मुख्य सचिव पशुधन शुक्रवार को मुरादाबाद के लिए रवाना होंगे।






















