हापुड़, सीमन (ehapurnews.com) : हापुड़ से संबंध रखने वाले एक व्यक्ति समेत उसके साथियों पर गाजियाबाद के एक व्यक्ति द्वारा 9 करोड रुपए की धोखाधड़ी करने के आरोप लगे हैं. आरोपी फिलहाल हरिद्वार रह रहा है जिसके खिलाफ हरिद्वार के थाना ज्वालापुर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है.
वेद प्रकाश उर्फ वेदानंद पर गाजियाबाद के मोदीनगर के गांव सीकरी निवासी विनोद गोस्वामी ने आरोप लगाया है कि उसके साथ जमीनी विवाद में समझौते के नाम पर 9 करोड रुपए की ठगी की गई है. वेद प्रकाश फिलहाल उत्तराखंड के हरिद्वार में रह रहा है. पुलिस ने आठ नामजद करते हुए 12 के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है. विनोद गोस्वामी का आरोप है कि उसने उत्तराखंड के ज्वालापुर में साल 2015 में मुकेश, वेदानंद, मीना देवी, कल्पना से 13 करोड़ 75 लाख रुपए में जमीन खरीदी थी जिसके एवज में उसने 7.79 करोड रुपए का भुगतान भी कर दिया था. भूमि को लेकर विवाद खड़ा हो गया जिसके बाद उसने शेष राशि का भुगतान रोक दिया.
गाजियाबाद निवासी विनोद गोस्वामी का आरोप है कि 22 अगस्त को वेदानंद, मीना देवी और मुकेश ने विवाद खत्म करने के लिए उसे बुलाया और समझौते में पांच करोड 96 लाख के एवज में नौ करोड़ रुपए ले लिए और जमीन के फर्जी दस्तावेज उसे सौंप दिए. जमीन के दस्तावेज मिलने के बाद विनोद अपने परिचितों के साथ जमीन पर पहुंचा जहां वेदानंद, उसका बेटा बीनू गोपाल, अमर वर्मा, मुकेश, मीना, प्रेरणा, विजय शुक्ला, जय प्रकाश अवस्थी और चार अन्य लोग वहां पहुंच गए. आरोप है कि आरोपियों ने उसके साथ गाली गलौज कर परिचितों पर फायर भी कर दिए. वह अपने साथियों के साथ जान बचाकर भागा और पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की जिसके बाद ज्वालापुर पुलिस ने वेद प्रकाश, मुकेश, मीना, बीनू, अमर, प्रेरणा, विजय, जयप्रकाश समेत 12 के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया
किफायती दामों पर खरीदें टाइल्स: 9837824010


























