हापुड़, सीमन (ehapurnews.com) : जनपद हापुड़ में 18 वर्ष से लेकर 59 वर्ष की आयु के लोगों को 15 जुलाई से लेकर 30 सितंबर तक सतर्कता डोज़ लगाई जाएगी. हापुड़ में मुख्य चिकित्सा अधिकारी सुनील कुमार त्यागी ने पीपीसी कोठी गेट पर पहुंचकर अभियान की शुरुआत की. इस दौरान स्वास्थ्य विभाग के कई अधिकारी उपस्थित रहे. जिले में लगभग 417216 नागरिक ऐसे हैं जिन्हें बूस्टर डोज लगाई जाएगी.
बता दें कि आजादी की 75 वीं वर्षगांठ के चलते आजादी का अमृत महोत्सव मनाया जा रहा है जिसके तहत भारत सरकार ने देश में आगामी 75 दिनों तक 15 जुलाई से 30 सितंबर तक निशुल्क बूस्टर डोज लगवाने की घोषणा की है. बताते चलें कि यह प्रिकॉशन डोज़ उन्हीं को लगाई जाएगी जिनकी आयु 18 से 59 वर्ष है. कोरोना टीके की दूसरी डोज़ लगवाने के 6 महीने या 26 हफ्ते बाद यह बूस्टर डोज जनपद हापुड़ के सभी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र: गढ़मुक्तेश्वर, सिंभावली, हापुड़, धौलाना, पीपीसी कोठी गेट हापुड़ अर्बन, पीपीसी पिलखवा पर निशुल्क लगाई जाएगी. इसके लिए लाभार्थी को कोविड टीके की द्वितीय खुराक लगवाने का साक्ष्य, आई कार्ड और मोबाइल नंबर स्वास्थ्य कर्मियों को दिखाना होगा.





























