हापुड़, सीमन (ehapurnews.com) : हापुड़-अयादनगर-भटैल संपर्क मार्ग और सर्विस रोड को राष्ट्रीय राजमार्ग 9 से जोड़ने की मांग को लेकर ग्रामीणों ने मंगलवार को प्रदर्शन किया और एक प्रार्थना पत्र एसडीएम सदर हापुड़ दिग्विजय सिंह को सौंपा. ग्रामीणों की मांग है कि एनएच 9 से जो उतार है वह अब बंद किया जा रहा है जिससे 40 गांव के ग्रामीण परेशान होंगे और उन्हें अन्य रास्तों से आना जाना पड़ेगा. इसी मांग को लेकर ग्रामीणों ने एनएचएआई के खिलाफ जबरदस्त हंगामा करते हुए प्रदर्शन किया. सूचना पाकर हापुड़ सदर एसडीएम दिग्विजय सिंह मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों की समस्याओं को सुना.
बता दें कि हापुड़ मुरादाबाद बाईपास पर चौड़ीकरण का कार्य चल रहा है जिसके चलते ततारपुर से हापुड़ भटैल मार्ग से दोनों व सर्विस रोड का कार्य पूरा हो चुका है. जब चौड़ीकरण का कार्य शुरू हुआ था तो हापुड़-भटैल संपर्क मार्ग और सर्विस रोड को बाईपास से जोड़ दिया गया था जिससे वाहनों का आवागमन सुचारू कर गया था लेकिन अब राष्ट्रीय राजमार्ग 9 से जो कट है उसे बंद किया जा रहा है जिससे क्षुब्ध होकर गांव गोंदी, सलाई और सुल्तानपुर के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और प्रदर्शन किया. इस दौरान मुकेश त्यागी, संजय त्यागी, प्रेम सुंदर त्यागी, मदन सैनी, उस्मान प्रधान आदि उपस्थित रहे.
































