
सब्सिडी यूरिया को पीसकर पाउडर बनाने का मामला: कब से चल रहा है यह धंधा?
हापुड़, सीमन/संजय कश्यप(ehapurnews.com): जनपद हापुड़ के हाफिजपुर क्षेत्र की बुलंदशहर रोड बाईपास पर खेतों में बनी फैक्ट्री में जिला कृषि विभाग और प्रशासन की टीम ने कार्रवाई करते हुए अनुदानित यूरिया के 184 कट्टो को बरामद किया जिन्हें टीम ने सील कर दिया। फैक्ट्री में मौके से 184 में से 60 बोरियों में यूरिया का पाउडर मिला है जिन्हें ग्लाइंडर, चक्की आदि की मदद से पीसकर फैक्ट्री में सप्लाई किया जा रहा था। गरीबों के हक पर डाका डालने वाले जिला कृषि विभाग की रडार पर है। इमटोरी के पास स्थित फैक्ट्री में भीतर घुसने के लिए टीम को कड़ी मशक्कत करनी पड़ी।
अवैध रूप से सब्सिडी का यूरिया यहां लाकर पीसा जा रहा था जिसे फैक्ट्री में सप्लाई किया जा रहा था। टीम जब मौके पर पहुंची तो फैक्ट्री पर बाहर से ताला लगा हुआ था लेकिन अंदर से मशीनों के चलने की आवाज आ रही थी। टीम में शामिल मेहराज, संदीप भाटी, सतीश कुमार, संजय ने सीढ़ी लगाकर किसी तरह भीतर प्रवेश किया। इस दौरान मेहराज के हाथ में चोट भी लग गई। मौके पर दो चक्कियों से यूरिया पीसा जा रहा था और पाउडर को अंदर परिसर में ही खड़े ट्रक में लोड किया जा रहा था। टीम ने मशीन बंद कराई और घेराबंदी करके कार्रवाई की। सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। यूरिया की पिसाई कर रहे तीन मजदूरों ने बताया कि यह फैक्ट्री कामिल नाम के व्यक्ति की है। टीम मामले में गहनता से जांच कर रही है। आपको बता दें कि यह खेल पिछले लंबे समय से चल रहा है क्योंकि फैक्ट्री परिसर से चक्की के पुराने पाट भी बरामद हुए हैं जो चक्की चलने से घिस गए थे। इसके अलावा हजारों खली कट्टे भी बरामद हुए हैं।
Gopal Ji Jewellers, Wholesaler of High Class Gold, Silver & Diamond Ornaments: 9758449179





















