हापुड़, सीमन (ehapurnews.com) : जनपद हापुड़ में बंदरों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है. बंदरों ने बी-फार्मा के एक छात्र पर हमला कर दिया जिसके बाद छात्र हादसे का शिकार हो गया और उसकी दर्दनाक मौत हो गई. परिवार में कोहराम मचा है. पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है.
बता दें कि मामला बुधवार की देर रात करीब एक बजकर 50 मिनट का है जब पिलखुवा की रेलवे रोड पर स्थित घास मंडी निवासी कुणाल सानिया पुत्र अनिल सानिया स्कूटी पर सवार होकर गोयल रीजेंसी से अपने घर लौट रहा था. जैसे ही कुणाल पिलखुवा में स्थित गंगा सहाय धर्मशाला के पास पहुंचा तो बंदरों के झुंड ने कुणाल पर हमला कर दिया. हमले के दौरान कुणाल ने स्कूटी पर नियंत्रण खो दिया और वह सड़क हादसे का शिकार हो गया. इसी बीच परिजनों को मामले की जानकारी हुई जिसके बाद कुणाल के जीजा हापुड़ के मोहल्ला शक्ति नगर निवासी रोहित ने छात्र को अस्पताल में भर्ती कराया जहां कुणाल ने दम तोड़ दिया. छात्र की मौत से परिजनों में कोहराम मचा है. पुलिस मामले की कार्रवाई में जुट गई है.





























