हापुड़, सीमन (ehapurnews.com) : जनपद हापुड़ के बाबूगढ़ के कुचेसर चोपला फ्लाईओवर की सर्विस लेन में गहरे गड्ढों की चपेट में आने से लगातार हादसे हो रहे हैं. गहरे गड्ढों की वजह से लोगों का आना-जाना मुश्किल हो रहा है. आलम यह है कि अधिकारियों के कान पर जूं नहीं रेंग रही है. स्थानीय लोगों ने कई बार अधिकारियों का ध्यान इस ओर करने की कोशिश की लेकिन कोई कार्रवाई अभी तक नहीं हुई है.
बता दें कि सर्विस रोड से रोजाना सैकड़ों वाहन गुजरते हैं लेकिन यहां सड़कों पर गहरे गड्ढे और जलभराव की वजह से यात्री दोहरी मार झेल रहे हैं. बाइक सवार कभी भी हादसे का शिकार हो जाते हैं. गाड़ियां और अन्य वाहन कभी भी गहरे गड्ढे में फंस जाते हैं. यह समस्या आज की नहीं बल्कि कई दिनों से बनी हुई है लेकिन अभी तक इस ओर किसी ने ध्यान नहीं दिया है.





























