हापुड़, सीमन (ehapurnews.com): जनपद हापुड़ में पिछले 48 घंटों में पुलिस और बदमाशों के बीच हुई चार मुठभेड़ से जिले में गोलियों की तड़तड़ाहट गूंज उठी. इस दौरान पुलिस ने लूट से जुड़ी तीन घटनाओं का पर्दाफाश करते हुए आठ आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जिनसे पुलिस ने हथियार, नकदी और वाहन बरामद किए हैं.
बता दें कि हाल ही में पिलखुवा में राजीव मित्तल और मयंक उर्फ प्रिंस मित्तल के साथ हुई लूट का पुलिस ने खुलासा कर दिया. घटना के दौरान बदमाशों ने प्रिंस को गोली मारकर मौत के घाट उतार दिया था. पुलिस इस दौरान बदमाशों की तलाश कर रही थी कि पिलखुवा पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम ने मुठभेड़ के दौरान रोहित निवासी मोदीनगर को गिरफ्तार कर लिया. रोहित पर पहले से लगभग एक दर्जन मुकदमे दर्ज हैं. पुलिस ने इस दौरान रोहित से पिस्टल, बाइक और खोखा कारतूस बरामद किए हैं.
रोहित को पकड़ने के बाद पुलिस ने फरार दो बदमाशों की तलाश शुरू की और इसी दौरान चेकिंग करते समय उसका सामना 25 हजार के इनामी शंकर और उमेश से हुआ जहां मुठभेड़ शुरू हो गई और पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर लिया. पुलिस ने इस दौरान तमंचा, तीन जिंदा कारतूस समेत एक सेंट्रो कार को बरामद कर लिया. आपको बता दें कि शंकर पर पहले से चार और उमेश पर तीन मुकदमे दर्ज हैं.
पिलखुवा में हुई लूट और हत्या का मामला शांत भी नहीं हुआ था कि बदमाशों ने इस दौरान देहात क्षेत्र की इंद्रलोक कॉलोनी में एक परचून व्यापारी को गोली मारकर घायल कर दिया और लाखों की लूट को अंजाम दिया जिसके बाद पुलिस ने बदमाशों की तलाश शुरू की. चेकिंग के दौरान देहात पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम की बदमाशों से मुठभेड़ हो गई जिसमें पुलिस ने तीन बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया. गिरफ्तार किए गए दो बदमाश घायल हो गए. पुलिस ने बदमाशों के कब्जे से एक मोटरसाइकिल 10 हजार 60 रुपए नकद, जिंदा कारतूस, खोखा कारतूस और दो तमंचे बरामद किए हैं. पुलिस ने एनकाउंटर के दौरान मनीष, अंकित और दीपांकर को गिरफ्तार कर लिया.
वहीं आपको बता दें कि 25 दिसंबर को गुड़ व्यापारी गोविंद कुलभूषण के साथ हुई लूट का पर्दाफाश करते हुए मामले में वांछित चल रहे आरोपी मनीष को गिरफ्तार कर लिया जिस पर 25 हजार का इनाम घोषित था. पुलिस ने गिरफ्तार किए गए आरोपी के पास से एक लाख पांच सौ रुपए नकद, ऑल्टो कार, अवैध तमंचा, खोखा कारतूस बरामद किए हैं. बताया जा रहा है कि मनीष पर पहले से सात मामले दर्ज हैं. वहीं मनीष के दो साथियों को बुलंदशहर पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है. थाना हापुड़ देहात पुलिस और एसओजी की इस सफलता से आईजी ने टीम को 50 हजार का इनाम देने की घोषणा की है.






























