हापुड़, सीमन/अशोक तोमर (ehapurnews.com) : महंगाई मुक्त भारत की मांग को लेकर शनिवार को हापुड़ में कलैक्ट्रेट पर कांग्रेसियों ने प्रदर्शन किया और केंद्र व प्रदेश सरकार के विरोध में नारेबाजी की। आज के प्रदर्शन का आह्वान कांग्रेस हाई कमान ने किया था।
जिला कांग्रेस कमेटी हापुड़ के अध्यक्ष मिथुन त्यागी की अगुवाई में गिने-चुने कांग्रेसी शनिवार की सुबह एक भैंसा बुग्गी पर सवार होकर नारेबाजी करते हुए कलैक्ट्रेट पहुंचे और देश में बढ़ती हुई महंगाई के विरोध में प्रदर्शन किया। कांग्रेस के जिलाध्यक्ष मिथुन त्यागी ने कहा कि पांच विधान सभाओं के चुनाव समाप्त होते ही केंद्र सरकार ने अपना रंग दिखाना शुरु कर दिया। पैट्रोलियम पदार्थों, खाद्य तेलो, दलहन आदि के दाम चरम सीमा पर है और बढ़ती महंगाई ने रसोई के बजट को बिगाड़ दिया है।
कलैक्ट्रेट के मुख्य द्वार पर तैनात दरोगा ने कांग्रेसियों की भैंसा बुग्गी को अंदर नहीं जाने दिया। पुलिस ने कहा कि आप पैदल ही अंदर प्रवेश कर सकते है। इसके बाद कांग्रेसी सिलेंडर लेकर नारेबाजी करते हुए पैदल ही कलैक्ट्रेट में प्रवेश किया और पैट्रोल डीजल के दाम कम करने को लेकर प्रदर्शन किया।





























