हापुड़, सीमन (ehapurnews.com) : जनपद हापुड़ के थाना पिलखुवा क्षेत्र के गांव गालंद में रहने वाले एक युवक का शव एटा में मिला है. आशंका जताई जा रही है कि मृतक के दोस्त ने उसका अपहरण कर मौत के घाट उतार दिया. इस संबंध में मृतक के भाई ने पिलखुवा कोतवाली में तहरीर देकर मामले में कार्रवाई की मांग की है. हालांकि दी गई तहरीर में हत्या की आशंका व्यक्त की गई है. वहीं दूसरी ओर युवक का शव एटा में मिलने से सनसनी मच गई है. मृतक का नाम सोहनवीर उर्फ सोनू है.
बता दें कि 28 वर्षीय सोहनवीर उर्फ सोनू निवासी फहीमपुर खुर्द खतौली फिलहाल अपनी पत्नी काजल और दो बच्चों के साथ पिलखुवा के गांव गालंद में अशोक तोमर के मकान में किराए पर रह रहा था जो कि 19 फरवरी से लापता था.
पहले 28 फरवरी को सोनू की पत्नी काजल ने गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई उसके बाद मृतक के भाई राकेश कुमार पुत्र महेंद्र सिंह ने अपने भाई की अपहरण और हत्या की आशंका व्यक्त करते हुए तहरीर देकर मामले में कार्रवाई की मांग की. भाई ने बिल्लू शर्मा पुत्र राजेंद्र शर्मा निवासी शामली गाजियाबाद पर अपहरण का आरोप लगाते हुए हत्या की आशंका व्यक्त की. पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की और पाया कि लापता व्यक्ति की हत्या एटा में हो चुकी है.
प्राप्त जानकारी के अनुसार सोनू 19 फरवरी को अपने दोस्त के साथ आजमगढ़ गया था लेकिन वह वापस नहीं लौटा जिसके बाद 28 फरवरी को पिलखुवा में गुमशुदगी की रिपोर्ट उसकी पत्नी ने दर्ज कराई और भाई ने दोस्त पर अपहरण कर हत्या करने की आशंका व्यक्त करते हुए मामला दर्ज कराया. पुलिस ने छानबीन शुरू की तो पाया कि 27 फरवरी को एटा में एक अज्ञात व्यक्ति का शव मिला था जिसके सिर पर चोट के निशान थे. मृतक की शिनाख्त सोहनवीर उर्फ सोनू के रूप में हुई. पुलिस का कहना है कि एटा में ही अग्रिम कार्रवाई की जाएगी.
Brainwaves Internation School में Admission के लिए काल करेंः 8279806606


























