हापुड़, सीमन (ehapurnews.com) : जनपद हापुड़ के थाना पिलखुवा पुलिस ने परतापुर तिराहे के पास एक ठिकाने पर छापा मार कर एक बाल अपचारी सहित तीन आरोपियों को धर दबोचा। जबकि दो अन्य आरोपी फरार हो गए। पुलिस ने मौके से तीन बाइक, बाइक के इंजन व पार्टस तथा मोटर साइकिल को खोलने के औजार बरामद किए है।
पिलखुवा पुलिस को एक इनपुट मिला था परतापुर तिराहे के पास एक ठिकाने पर चोरी की मोटर साइकिलों को काटकर अवैध रुप से बाइक के इंजन व पार्टस बेचने का धंधा होता है। पुलिस ने सूचना को सटीक मानकर ठिकाने पर छापा मारा और सद्दीकपुरा के फरमान व आफताब तथा अलवीनगर पिलखुवा के कैफ को दबोच लिया जबकि सद्दीकपुरा का समयदीन व जटपुरा का अनिल मौके से फरार हो गया। पुलिस ने ठिकाने से तीन बाइक, बाइक के इंजन व पार्टस तथा औजार बरामद किए है। पूछताछ के दौरान पकड़े गए आरोपियों ने पुलिस को बताया कि उनका गिरोह आस-पास के जनपदों से बाइक चोरी करके लाते है और बाइकों को काटकर उनके पार्टस बेचने का धंधा करते है। इस धंधे से उन्हें आर्थिक लाभ होता है।




























