हापुड़, सीमन (ehapurnews.com): थाना हापुड़ देहात के अंतर्गत गढ़ रोड पर स्थित ओवर ब्रिज पर शनिवार की सुबह बाइक सवार दो लुटेरों ने एक गुड़ व्यापारी को गोली मार कर तीन लाख रुपए से भरा नोटों का बैग लूट लिया और तमंचे लहराते हुए फरार हो गए। घायल व्यापारी को हापुड़ के अस्पताल में भर्ती कराया गया है। गुड़ व्यापारी के साथ दिनदहाड़े हुई लूट से व्यापारियों में रोष व्याप्त है। व्यापारियों ने चेतावनी दी है कि यदि लूट का जल्दी खुलासा नहीं किया गया तो व्यापारी पूर्ण हड़ताल करेंगे।
हापुड़ के पक्काबाग में रहने वाले जय भगवान के बेटे गोविंद कुल भूषण का नवीन मंडी स्थल पर गुड़ का कारोबार है। वह शनिवार की सुबह किसानों को भुगतान देने के लिए तीन लाख रुपए लेकर बाइक से नवीन मंडी स्थल जा रहा था कि गढ़ रोड पर बाइक सवार तमंचेधारी दो लुटेरों ने तमंचों के बल पर व्यापारी को रोक लिया और नोटों से भरा थैला छीन लिया। लूट का विरोध करने पर लुटेरों ने गुड़ व्यापारी गोविंद कुल भूषण को गोली मार दी, जो व्यापारी के हाथ में लगी। घायल व्यापारी को हापुड़ के देव नंदिनी अस्पताल में भर्ती कराया है।
लूट की सूचना मिलने पर हापुड़ के व्यापारी नेता ललित कुमार अग्रवाल, जगदीश प्रधान, राजीव गर्ग, अशोक बबली, टुक्की संजय नेता सहित सैकड़ों व्यापारी घटनास्थल व अस्पताल में एकत्र हो गए और पुलिस कार्यप्रणाली पर रोष व्यक्त किया। व्यापारियों ने लूट की वारदात के शीघ्र खुलासे की मांग की है। अपर पुलिस अधीक्षक सर्वेश मिश्र ने बताया कि पुलिस की चार टीमें गठित की गई है और जल्दी ही लूट का खुलासा कर दिया जाएगा।
Christmas Offer: Donald’s पर पाएं 15% OFF, 9602205929, 8630926262
























