हापुड़, सीमन (ehapurnews.com): हापुड़ जनपद के धौलाना ब्लॉक क्षेत्र के गांव इन्द्रगढ़ी गालंद स्थित प्राथमिक विद्यालय के विद्यार्थियों द्वारा त्रिमासिक दीवार पत्रिका बाल दर्पण का पूरे धूमधाम से विद्यालय परिसर में लोकर्पण किया गया। इस अवसर पर अध्यापक व छात्र बहुत खुश नजर आए।लोकार्पण करने पहुंचे मुख्य अतिथि खण्ड शिक्षा अधिकारी संजय कौशल ने कहा कि इस उम्र में बच्चे अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा रहे हैं। यह सराहनीय है साथ ही इनके अध्यापकों की भी सराहना की जानी चाहिए। ग्राम प्रधान संजय कुमार व प्राथमिक शिक्षक संघ के जिला अध्यक्ष देवेंद्र सिसौदिया ने भी तारीफों के पुल बांधे। एआरपी सीमा तोमर ने कहा कि इन छात्रों का मार्गदर्शन करने वाली सुगमकर्ता सहायक अध्यापिका ऋतु श्रीवास्तव का यह कार्य पूरे जनपद के लिए सीख है। ऋतु श्रीवास्तव ने पत्रिका के प्रकाशन को लेकर पूरे कार्यों पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि इस पत्रिका में इन्हीं छात्रों द्वारा लिखी गई कहानी व कविताएं हैं। आगे चलकर ये छात्र बड़े पत्रकार व लेखक बनेंगे। इस अवसर पर मीनू सक्सेना , रेणु बिष्ट , संगीता सक्सेना , स्नेह लता , सरोज , सीमा , मधुलिका , हेमलता और इंद्रगढी विद्यालय का समस्त स्टाफ़ मौजूद रहा । पत्रिका के विमोचन को लेकर गांव में व विद्यालय में हर्ष का माहौल नजर आया


























