हापुड़, सीमन (ehapurnews.com): थाना हापुड़ देहात पुलिस और एसओजी टीम ने संयुक्त रूप से गश्त के दौरान एक ऐसे शातिर लुटेरे को पकड़ा है जो अपने साथियों के साथ मिलकर यात्रियों को लूट लेते थे। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक स्विफ्ट कार, लूटे गए 18 हजार दो सौ रुपए, तमंचा, मोबाइल, फर्जी नंबर प्लेट बरामद की है। लुटेरे के दो साथी फरार है।
पुलिस ने बताया कि थाना हापुड़ देहात पुलिस व एसओजी टीम संयुक्त रुप से हाईवे बाईपास के पास वाहनों की चेकिंग कर रही थी कि पुलिस ने एक स्विफ्ट कार को जांच के लिए रुकने का इशारा किया तो कार में सवार लोग पुलिस को देख कर भाग खड़े हुए। पुलिस ने पीछा कर एक बदमाश को पकड़ लिया जबकि साथी फरार हो गए। पकड़ा गया बदमाश लिसाड़ी गेट मेरठ का अफजाल है जबकि फरार लिसाड़ी गेट मेरठ का अजहरुद्दीन तथा मजीदपुरा का मुश्ताक है।
पुलिस ने पकड़े गए आरोपी के कब्जे से एक स्विफ्ट कार, पांच दिसंबर को एक यात्री से लूटे गए 18 हजार दो सौ नकद आदि बरामद किए हैं।
पूछताछ के दौरान आरोपी ने पुलिस को बताया कि वह अपने दो अन्य साथियों के साथ चौराहे आदि स्थानों से किसी यात्री को अपनी कार में बैठा लेते थे और सुनसान इलाके में ले जाकर उससे नकदी, एटीएम कार्ड और मोबाइल फोन लूट लेते थे। पुलिस दो अन्य बदमाशों की तलाश में जुटी है।





























