हापुड़, सीमन (ehapurnews.com): जनपद हापुड़ के थाना धौलाना क्षेत्र के गांव सौलाना में श्मशान घाट के शेड का निर्माण किया जा रहा था। निर्माण के दौरान ही शेड भरभरा कर गिर गया। बताया जा रहा है कि इस दौरान एक मजदूर घायल हो गया। ग्रामीणों ने निर्माण में घटिया सामग्री के इस्तेमाल का आरोप लगाया और मामले की शिकायत एसडीएम से की। बता दे कि गांव सोलाना में जिला पंचायत की ओर से करीब तीन लाख की लागत से शमशान घाट के शेड का निर्माण प्रस्तावित है। निर्माणाधीन शेड के पिलर पर बीम बना दिए गए थे। जबकि बाकी कार्य अभी अधूरा ही पड़ा था। लोगों की माने तो सोमवार की रात किसी समय यह ढांचा भरभरा कर गिर गया। निर्माण पूरा होने से पहले ही यह गिर गया जिसमें एक मजदूर घायल हो गया।
सूचना पर ग्रामीण मौके पर पहुंचे और प्रदर्शन किया। गांव वालों ने निर्माण कार्य में घटिया सामग्री इस्तेमाल करने का आरोप लगाते हुए जांच की मांग की है। अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। लापरवाह लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।





























