हापुड़, सीमन (ehapurnews.com) : समाजवादी युवजन जनपद हापुड़ के जिलाध्यत्र संजय गहलौत की अगुवाई में समाजवादी पार्टी के पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं ने महंगाई के विरोध में जुलूस निकाल कर विरोध प्रदर्शन किया।
प्रदेश के भूतपूर्व मंत्री मदन चौहान, सपा के वरिष्ठ नेता संजय गर्ग, कुंवरपाल यादव, ललित सिंह एडवोकेट, यादइलाही कुरैशी सहित सैकड़ों सपाई सपा के जिला दफ्तर पर एकत्र हुए और पैट्रोल, डीजल, गैस के बढ़ते हुए दामों के विरोध व किसानों की समस्याओं को लेकर तहसील चौपला तक जुलूस निकाला। प्रदर्शनकारी सपाई सरकार विरोधी नारे लगा रहे थे।
उत्तर प्रदेश के भूतपूर्व मंत्री मदन चौहान ने महंगाई पर रोष व्यक्त करते हुए पैट्रोल व गैस आदि के दामों में वृद्धि के लिए केंद्र व प्रदेश सरकार को दोषी ठहराया। सपाईयों ने तहसील चौपला पर धरना भी दिया। समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने महंगाई, बेरोजगारी तथा भ्रष्टाचार व अपराध के विरोध में तथा किसानों की उपेक्षा पर एक ज्ञापन उपजिलाधिकारी को दिया।


























