
हापुड़ः महिला को इंस्टाग्राम पर दोस्ती करना पड़ा भारी! महंगे गिफ्ट का झांसा देकर 14.58 लाख रुपए ठगे
हापुड़, सीमन (ehapurnews.com):सोशल मीडिया पर दोस्ती करना कई बार कितना भारी पड़ सकता है, इसका एक ताजा मामला हापुड़ से सामने आया है। यहाँ इंस्टाग्राम पर हुई एक दोस्ती महिला को लाखों रुपए की चपत लगा गई। शातिर ठगों ने कनाडा से महंगा गिफ्ट भेजने का झांसा देकर महिला से 14 लाख 58 हजार रुपए ठग लिए।
जानकारी के मुताबिक, पीड़ित महिला की दोस्ती इंस्टाग्राम के जरिए एक शख्स से हुई थी। बातचीत बढ़ने के बाद आरोपी ने महिला का विश्वास जीता और फिर उसे कनाडा से एक बेहद कीमती गिफ्ट भेजने का झांसा दिया।
इसके कुछ दिनों बाद महिला के पास एक फोन आया, जिसमें कहा गया कि कनाडा से आया गिफ्ट कस्टम विभाग (Customs) में फंस गया है और उसे छुड़ाने के लिए टैक्स और अन्य औपचारिकताओं के नाम पर अलग-अलग बैंक खातों में पैसे जमा कराने होंगे। गिफ्ट और उस पर मिलने वाले महंगे सामान के लालच में आकर महिला ठगों के जाल में फंसती चली गई और एक-एक करके कुल 14 लाख 58 हजार रुपए ट्रांसफर कर दिए।
जब पैसे देने के बावजूद गिफ्ट नहीं मिला और ठगों की मांगें लगातार बढ़ती गईं, तब महिला को अपने साथ हुई ठगी का अहसास हुआ। इसके बाद मामले की शिकायत साइबर सेल और थाने में दर्ज कराई गई, जिसके बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
हापुड़ की विश्वसनीय कपड़ों की दुकान “रामदास मोहनलाल माहेश्वरी बजाज” से खरीदें लहंगा, लेडीज सूट, डिजाइनर साड़ियां, स्टॉल, ज्वेलरी बहुत कुछ: 9927870069


























