
बहादुरगढ़: निकाह की खुशियाँ हुई फीकी, ठग ले गया दूल्हे की लाख रुपए की नोटों वाली माला!
हापुड़, सीमन (ehapurnews.com):जनपद हापुड के थाना बहादुरगढ़ के गाँव पलवाड़ा से एक ऐसी घटना सामने आई है जिसने निकाह की खुशियों को फीका कर दिया है। यहाँ एक शातिर ठग ने दूल्हे के लिए रखी लाख रुपए की नोटों वाली माला पर हाथ साफ़ कर दिया।
मिली जानकारी के अनुसार, गाँव बड़का नंगला निवासी मोमीन के बेटे साकिब का निकाह गाँव पलवाड़ा निवासी साजिद की बेटी के साथ तय हुआ था। तय तारीख़ के मुताबिक़ रविवार को बारात धूमधाम से गाँव पलवाड़ा पहुंची।
परिवार वालों का कहना है कि उन्होंने निकाह के दौरान दूल्हे को पहनाने के लिए एक लाख रुपए के नोटों की एक विशेष माला तैयार करवाई थी। निकाह की रस्मों के लिए दूल्हा और बाराती वाहनों से उतरकर अंदर चले गए, और इस दौरान नोटों की माला कार में ही रख दी गई थी।
कुछ समय बाद, जब परिवार के लोग माला लेने कार के पास पहुंचे तो उन्हें माला गायब मिली। कार चालक ने बताया कि बारात रुकने के स्थान पर एक अज्ञात युवक उसके पास आया था। उसने चालक से कहा कि वह माला अंदर ले जा रहा है और चालक को झांसा देकर माला लेकर वहाँ से चला गया।
इस घटना के बाद परिवार में हड़कंप मच गया और निकाह की खुशियाँ मायूसी में बदल गईं। पीड़ित परिवार ने इस संबंध में पुलिस को शिकायत दर्ज कराई है। सी.ओ. राहुल यादव का कहना है कि मामले की शिकायत मिली है और पुलिस इस ठग की पहचान करने और उसे पकड़ने के लिए कार्यवाही कर रही है।”
वाहन का बीमा कराने पर पाएं 5% कैशबैक: 9720669699 || #Insurance #Car #Bike #Bus #Truck

























