
हापुड़: भाकियू नेता का चचेरा भाई संदिग्ध परिस्थितियों में लापता, परीक्षा देने भी नहीं पहुंचा
हापुड़, सीमन (ehapurnews.com):जनपद हापुड़ के सिंभावली थाना क्षेत्र से एक सनसनीखेज और चिंताजनक खबर सामने आ रही है। यहाँ भारतीय किसान यूनियन (भाकियू) नेता के चचेरे भाई पिछले तीन दिनों से संदिग्ध परिस्थितियों में रहस्यमय तरीके से लापता हैं। सिंभावली थाना क्षेत्र के बक्सर गांव के झंडे वाले मोहल्ले के रहने वाले अमित चौधरी (उम्र करीब 38 वर्ष) पिछले तीन दिनों से संदिग्ध परिस्थितियों में गायब हैं। परिजनों ने रिश्तेदारों और परिचितों के यहां उनकी काफी तलाश की, लेकिन उनका अभी तक कोई सुराग नहीं लग सका है।
भाकियू नेता प्रदीप चौधरी ने बताया कि उनके चचेरे भाई अमित चौधरी 31 अक्टूबर की शाम करीब 7 बजे घर से निकलते हुए सीसीटीवी कैमरे में कैद हुए थे, जिसके बाद से वे वापस नहीं लौटे।
परिजनों के मुताबिक, अमित की मुजफ्फरनगर में पीईटी (PET) की परीक्षा थी, लेकिन वे परीक्षा केंद्र तक नहीं पहुंचे। लापता अमित चौधरी शादीशुदा हैं और उनके तीन बच्चे हैं। इस घटना के बाद से परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है। उनके पिता जतन सिंह ने थाने में तहरीर देकर बेटे को तलाशने की गुहार लगाई है। इस मामले में थाना प्रभारी निरीक्षक अरविंद चौधरी ने बताया कि परिजनों की तहरीर के आधार पर गुमशुदगी दर्ज कर ली गई है और पुलिस युवक की तलाश में जुटी है।
होलसेल दामों पर खरीदें व बनवाएं कस्टमाईज़ड टाइल्स: 8449930105, 9837824010
























