
हापुड़, सीमन/ संजय कश्यप (ehapurnews.com): आजाद समाज पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष व सांसद चंद्रशेखर आजाद ने शनिवार को हापुड़ में आयोजित एक जनसभा को संबोधित करते हुए भारतीय जनता पार्टी को निशाने पर लेते हुए प्रदेश में कथित रूप से बिगड़ी कानून व्यवस्था, बढ़ती हुई बेरोजगारी व भ्रष्टाचार के लिए भाजपा सरकार को दोषी ठहराया।
उन्होंने कहा कि यदि विपक्षी दल वास्तव में भाजपा सरकार को उखाड़ फेंकना चाहते हैं तो सभी विपक्षी दलों को एक मंच पर एकजुटता के साथ खड़ा होना चाहिए। तभी भाजपा को सत्ता से बाहर किया जा सकता है। आजाद समाज पार्टी के दरवाजे सभी के लिए खुले हैं और जनता के हितों की लड़ाई हेतु वह सदैव अग्रणी रहेंगे। जनता का हित और जनता के सम्मान की लड़ाई लड़ना ही उनका उद्देश्य है। उन्हें गठबंधन से कोई परहेज नहीं है।
हापुड़ में जनसभा को संबोधित करते हुए चंद्रशेखर आजाद ‘रावण’ ने कहा कि गरीबों की भूमि को भूमाफियाओं ने कब्जा लिया है। हापुड़ के चौराहों पर जाम लगता है। रोजगार व चिकित्सा सुविधा नहीं है। हापुड़ विकास चाहता व परिवर्तन चाहता है।
इस दौरान बड़ी संख्या में लोग हापुड़ की दिल्ली रोड पर स्थित रामलीला मैदान में आयोजित जनसभा में चंद्रशेखर आजाद को सुनने के लिए पहुंचे जहां से उन्होंने भाजपा सरकार के साथ-साथ इलेक्शन कमीशन को भी आड़े हाथों लिया और जमकर निशाना साधा। इस दौरान हापुड़ विधानसभा प्रभारी व राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष वीरेंद्र कुमार शिरीष, प्रदेश कौर कमेटी के सदस्य मोहम्मद समीर, मुकेश प्रधान लोधी, मंडल प्रभारी अल्पसंख्यक मोर्चा कारी मजीद, जिलाध्यक्ष वेद प्रकाश, लीगल सेल जिलाध्यक्ष अरुण मसंद, युवा मोर्चा जिलाध्यक्ष अमरजीत सिंह, अल्पसंख्यक जिलाध्यक्ष नसीम इदरीसी, महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष सीमा सागर, विधानसभा अध्यक्ष हापुड़ राकेश मसंद आदि उपस्थित रहे।
हापुड़: पायल डिजाइनर कलेक्शन से होलसेल दामों पर खरीदे लेडीज़ कलेक्शन: 7417105068




























