
‘मोहम्मद खालिद एंड संस’ पर राज्य कर विभाग का बड़ा एक्शन, 4 करोड़ की टैक्स हेराफेरी का खुलासा
हापुड़, सीमन (ehapurnews.com):हापुड़ जनपद में राज्य कर विभाग की विशेष अनुसंधान शाखा (SIB) ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए बोगस फर्मों के जरिए की गई करीब 4 करोड़ रुपये की टैक्स चोरी का भंडाफोड़ किया है।”
“मामला हापुड़ का है, जहाँ पशुओं के अवशेष और कत्लखाने से निकलने वाले उत्पादों की ट्रेडिंग करने वाली फर्म ‘मोहम्मद खालिद एंड संस’ पर राज्य कर विभाग की विशेष टीम ने छापा मारा।
अपर आयुक्त राज्य कर, गाजियाबाद जोन-प्रथम, राम केशव के नेतृत्व में 29 अक्टूबर को यह सर्वे कार्रवाई की गई। जांच टीम जब बुलंदशहर रोड स्थित आवास विकास कॉलोनी में फर्म के बताए गए व्यावसायिक पते पर पहुँची, तो वहाँ कोई स्टॉक या कारोबारी गतिविधि नहीं मिली, बल्कि वह एक आवासीय स्थान निकला।
जांच में सामने आया कि फर्म तमिलनाडु, महाराष्ट्र, उत्तर प्रदेश, बंगाल, बिहार और दिल्ली से माल खरीदती थी और ‘बिल-टू-शिप-टू’ व्यवस्था के तहत दूसरे स्थानों पर बिक्री दर्शाती थी। लेकिन जब दस्तावेजों की गहराई से जांच की गई, तो भारी अनियमितताएं मिलीं। तमिलनाडु से खरीदे गए एनिमल फैट/टैलो की डिलीवरी हापुड़ गोदाम पर दिखाई गई, लेकिन माल पहुँचने का कोई प्रमाण नहीं मिला। ई-वे बिल पोर्टल पर दर्ज वाहनों की आवाजाही की जांच में भी माल के परिवहन की पुष्टि नहीं हो सकी।
विभाग के मुताबिक, वित्तीय वर्ष 2024-25 के दौरान 15.06 करोड़ रुपये के एनिमल फैट/टैलो की खरीद के मुकाबले केवल 8.78 करोड़ रुपये की ही बिक्री दर्शाई गई थी। इस प्रकार, शुरुआती जांच में करीब 4 करोड़ रुपये की भारी-भरकम टैक्स चोरी का खुलासा हुआ है, जिससे स्थानीय कारोबारियों में हड़कंप मच गया है।”
वाहन का बीमा कराने पर पाएं 5% कैशबैक: 9720669699 || #Insurance #Car #Bike #Bus #Truck





























