
हापुड़ के जसरूप नगर में जलभराव से लोग परेशान, सांप-बिच्छू निकलने से दहशत
हापुड़, सीमन (ehapurnews.com): हापुड़ के जसरूप नगर में जलभराव की समस्या से स्थानीय लोग बेहद परेशान हैं। गुरुवार को लोगों ने जलभराव के विरोध में प्रदर्शन कर अपना आक्रोश जताया। लोगों का कहना है कि लंबे समय से जलभराव के कारण उन्हें परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है, लेकिन समस्या का समाधान नहीं हो पा रहा है।
स्थानीय लोगों के मुताबिक, जलभराव के चलते इलाके में गंदगी बढ़ रही है और बीमारियां फैलने का खतरा बना हुआ है। इतना ही नहीं, पानी और गंदगी के बीच सांप-बिच्छू जैसे जहरीले जीव भी निकल रहे हैं, जिससे लोगों में दहशत का माहौल है।
लोगों का कहना है कि लगातार पानी भरा रहने से मकानों की नींव भी कमजोर होने की आशंका है। ऐसे में उन्हें अपने घरों की सुरक्षा की चिंता सता रही है।
जलभराव से परेशान लोगों ने संबंधित अधिकारियों से समस्या का जल्द समाधान कराने की मांग की है। अब देखना होगा कि जिम्मेदार अधिकारी इस समस्या को लेकर कब तक कदम उठाते हैं और स्थानीय निवासियों को राहत मिल पाती है।
होलसेल दामों पर खरीदें व बनवाएं कस्टमाईज़ड टाइल्स: 8449930105, 9837824010
























